अहमदाबाद में Surya Kumar Yadav की बेबाक स्पीच वायरल
भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव (Surya Kumar Yadav) एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई विस्फोटक शॉट नहीं बल्कि अहमदाबाद में दिया गया उनका ईमानदार और प्रेरणादायक भाषण है। जीएलएस यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत के दौरान सूर्यकुमार यादव ने अपने लंबे समय से चले आ रहे खराब फॉर्म पर खुलकर बात की और इसे अपने करियर का “सीखने का दौर” बताया। उनकी यही सोच सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

सूर्यकुमार यादव ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी का करियर हमेशा एक जैसा नहीं रहता। उतार-चढ़ाव हर खिलाड़ी के जीवन का हिस्सा होते हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वो अपने मौजूदा प्रदर्शन को बुरा दौर नहीं मानते, बल्कि इसे सीखने की प्रक्रिया के रूप में देखते हैं। उनके मुताबिक, यही वो समय होता है जब खिलाड़ी खुद को बेहतर तरीके से समझता है और आगे के लिए मजबूत बनता है।
टीम के भरोसे को बताया अपनी ताकत
अपने बयान में सूर्यकुमार ने टीम के बाकी खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीम के अन्य 14 खिलाड़ी इस समय उन्हें पूरा समर्थन दे रहे हैं। सूर्यकुमार यादव ने आत्मविश्वास के साथ कहा, “जिस दिन मैं फटूंगा, क्या होगा, ये सभी जानते हैं।” ये बयान उनके आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को दर्शाता है।

Surya ने छात्रों को दी जीवन की सीख
सूर्यकुमार यादव ने अपनी बात को छात्रों के जीवन से जोड़ते हुए एक आसान उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अगर किसी छात्र के एग्जाम में कम नंबर आते हैं तो वो पढ़ाई छोड़ नहीं देता, बल्कि और ज्यादा मेहनत करता है। उन्होंने बताया कि वो भी अपने क्रिकेट करियर में यही रास्ता अपना रहे हैं और बेहतर प्रदर्शन के साथ वापसी करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।
2025 में Surya का फीका रहा प्रदर्शन
साल 2025 सूर्यकुमार यादव के लिए अब तक चुनौतीपूर्ण रहा है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 19 पारियों में केवल 218 रन बनाए हैं। उनका औसत और स्ट्राइक रेट भी उनके स्तर के अनुरूप नहीं रहा। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा बनाए रखा है और उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
आगे खुद को साबित करने का मौका
न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज सूर्यकुमार यादव के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि वो अपने शब्दों को रन में बदलकर टीम प्रबंधन के भरोसे पर कितना खरा उतरते हैं।
Priyanka Chopra का बड़ा खुलासा: 1300 करोड़ में बन रही राजामौली की ‘वाराणसी’ !
