Vrindavan News: 30 और 31 अगस्त को दो दिवसीय विराट संगीत एवं नृत्य महोत्सव का आयोजन
Vrindavan News Update
Vrindavan News: धर्म नगरी मथुरा में भारतीय शास्त्रीय संगीत को आध्यात्मिक ऊंचाइयों तक ले जाने वाले संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास जी के प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में 30 और 31 अगस्त को दो दिवसीय विराट संगीत एवं नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. ये भव्य समारोह वन महाराज कॉलेज के हरितिमा युक्त प्रांगण में होगा, जहां सुधी श्रोता गायन, नृत्य और वादन की त्रिवेणी में रससिक्त होंगे.
ध्रुपद और धमार संगीत के जनक स्वामी हरिदास जी
इस आयोजन के संबंध में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के संरक्षक डॉ. राकेश चतुर्वेदी ने स्वामी हरिदास जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि ध्रुपद और धमार संगीत के जनक स्वामी हरिदास जी ने पांच शताब्दी पूर्व अपनी अप्रतिम संगीत साधना से ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज को प्रकट किया था. शास्त्रीय संगीत के साधकों के लिए स्वामी जी को अपनी साधना अर्पित करना सबसे बड़ा स्वप्न होता है.

स्वामी हरिदास जी की वंश परंपरा
समिति के सचिव गोपी गोस्वामी ने कहा कि स्वामी हरिदास जी की वंश परंपरा के गोस्वामी समाज डेढ़ सौ वर्षों से अधिक समय से देश के मूर्धन्य संगीत साधकों को वृंदावन की पावन धरा पर स्वामी जी को भावांजलि अर्पित करने का मंच प्रदान करता रहा है. उन्होंने इसे परम सौभाग्य बताया कि संगीत जगत की महान विभूतियों को सुनने का अवसर प्राप्त होता है.

Vrindavan News: दो दशकों से महोत्सव का आयोजन
संयोजक डॉ. अनूप शर्मा ने बताया कि स्वामी हरिदास समिति विगत दो दशकों से इस महोत्सव का आयोजन करती आ रही है, जो अब देश भर के शास्त्रीय संगीत समारोहों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है. इस वर्ष ये आयोजन श्री राधाष्टमी पर्व के अवसर पर 30 और 31 अगस्त को होगा. कार्यक्रम समन्वयक अभय वशिष्ठ ने कहा कि समिति इस महोत्सव को भव्य बनाने के लिए नवीन प्रयोग करती रहती है, ताकि शास्त्रीय संगीत प्रेमी आध्यात्मिक माहौल में सुखद अनुभूति प्राप्त कर सकें.
संगीत प्रेमियों के लिए निशुल्क प्रवेश पत्र
समिति सदस्य अनुपम शर्मा ने जानकारी दी कि संगीत प्रेमियों के लिए निशुल्क प्रवेश पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे. इस वर्ष आधुनिक तकनीक के साथ कदमताल करते हुए ई-पास की सुविधा शुरू की गई है, जिसे डाउनलोड कर श्रोता इस महोत्सव का आनंद ले सकते हैं.
पत्रकार वार्ता में मदन गोपाल गोस्वामी, गोपेश गोस्वामी, श्री नाथ गोस्वामी, डॉ. आरपी दुबे, सोमनाथ गोस्वामी, संजय शर्मा, निखिल भारद्वाज, गौर सुंदर विश्वास सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे. ये महोत्सव शास्त्रीय संगीत और आध्यात्मिकता के संगम का अनूठा अवसर प्रदान करेगा.
