3 मैच की ODI सीरीज के लिए Team India का ऐलान
भारतीय क्रिकेट टीम की नए साल में पहली बड़ी चुनौती न्यूजीलैंड के खिलाफ होने जा रही है। 11 जनवरी से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने टीम इंडिया (Team India) का ऐलान कर दिया है। इस टीम में जहां श्रेयस अय्यर और मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है, वहीं चयनकर्ताओं के कुछ फैसलों ने फैंस को हैरान करने वाली ख़बर दी है।
सबसे चौंकाने वाला फैसला ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा को टीम से बाहर रखने का रहा है। खास बात ये है कि दोनों बल्लेबाज हालिया घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म में चल रहे थे।
शुभमन गिल की कप्तानी में उतरेगी Team India
वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में चोट के कारण गिल नहीं खेल पाए थे और तब केएल राहुल ने कप्तानी संभाली थी। भारत ने वो सीरीज 2-1 से जीती थी। अब गिल की वापसी के साथ टीम को स्थिर नेतृत्व मिलने की उम्मीद है।
Team India में श्रेयस अय्यर की वापसी
श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी हुई है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल होने के बाद वे पिछले दो महीनों से क्रिकेट से दूर थे। बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उन्होंने फिटनेस हासिल की है, लेकिन अंतिम फैसला 6 जनवरी को विजय हजारे ट्रॉफी मैच के बाद लिया जाएगा। अगर वे पूरी तरह फिट नहीं पाए गए, तो उन्हें सीरीज से बाहर भी किया जा सकता है।

गायकवाड़ और तिलक वर्मा का बाहर होना बना चर्चा का विषय
श्रेयस अय्यर की वापसी का सीधा असर ऋतुराज गायकवाड़ पर पड़ा है। गायकवाड़ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक लगाया था, इसके बावजूद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। इसी तरह तिलक वर्मा ने भी घरेलू क्रिकेट में शतक लगाया था, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें मौका नहीं दिया।
इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर बीसीसीआई की आलोचना हो रही है। फैंस सवाल उठा रहे हैं कि शानदार प्रदर्शन के बावजूद खिलाड़ियों को बाहर रखना कितना सही है।
इन खिलाड़ियों को भी नहीं मिला मौका
गायकवाड़ और तिलक वर्मा के अलावा अक्षर पटेल, संजू सैमसन और मोहम्मद शमी को भी वनडे टीम में जगह नहीं मिली है। अक्षर और संजू दोनों ने सेलेक्शन के दिन शतक लगाए थे, जबकि मोहम्मद शमी की वापसी की खबरें महज अफवाह साबित हुईं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव
IND vs NZ वनडे सीरीज का शेड्यूल
- 11 जनवरी: पहला वनडे – वडोदरा
- 14 जनवरी: दूसरा वनडे – राजकोट
- 18 जनवरी: तीसरा वनडे – इंदौर
ये सीरीज भारतीय टीम के लिए नए साल की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि चयनकर्ताओं के फैसले मैदान पर कितना असर डालते हैं।
