BCCI's post on X
T20 WC 2026 : 15 सदस्यीय टीम इंडिया के सामने खिताब बचाने की चुनौती !
T20 WC 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की मौजूदगी में 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड का ऐलान किया। इस बार टीम के चयन के लिए गए बड़े फैसले की ख़बर ने सबको चौंका दिया है।
T20 WC 2026 में सूर्या को कप्तानी, अक्षर बने उपकप्तान
भारतीय टीम की कमान एक बार फिर सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है। उनके साथ अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। अक्षर इससे पहले भी टी-20 टीम के उपकप्तान रह चुके हैं, लेकिन किसी बड़े आईसीसी टूर्नामेंट में पहली बार उन्हें ये जिम्मेदारी दी गई है। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि अक्षर का अनुभव और ऑलराउंड प्रदर्शन टीम को संतुलन देगा।
शुभमन गिल टीम से बाहर
टीम चयन का सबसे बड़ा फैसला शुभमन गिल को स्क्वॉड से बाहर करना रहा। चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने साफ कहा कि गिल इस समय रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 18 पारियों में गिल एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके और टीम कॉम्बिनेशन को देखते हुए उन्हें बाहर रखना पड़ा।
वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट किया कि गिल को खराब खिलाड़ी होने की वजह से नहीं, बल्कि टीम कॉम्बिनेशन और टॉप ऑर्डर में विकेटकीपर की जरूरत के चलते बाहर किया गया है।
ईशान किशन और रिंकू सिंह की वापसी
करीब 753 दिन बाद ईशान किशन की टी-20 टीम में वापसी हुई है। ईशान ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुश्ताक अली ट्रॉफी में दो शतक लगाए और सबसे ज्यादा 517 रन बनाए। इसके अलावा रिंकू सिंह को भी स्क्वॉड में शामिल किया गया है, जो मिडिल ऑर्डर में फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन और ईशान किशन दोनों के पास होगी।

युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन
इस भारतीय टीम में कुल 6 खिलाड़ी ऐसे हैं जो पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप खेलेंगे, जबकि 9 खिलाड़ी पहले भी इस टूर्नामेंट का अनुभव रखते हैं। चयनकर्ताओं ने फ्लेक्सिबिलिटी और अलग-अलग मैच परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ये स्क्वॉड तैयार किया है।
T20 WC 2026 से पहले न्यूजीलैंड सीरीज
टी-20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम 21 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी। ये सीरीज खिलाड़ियों की फॉर्म और अंतिम प्लेइंग-11 तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।
भारत के मैचों का शेड्यूल और ग्रुप
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी को होगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत इसी दिन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में USA के खिलाफ करेगा। इसके बाद भारत नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड से मुकाबले खेलेगा। भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसे अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ भारत का हालिया रिकॉर्ड भी मजबूत रहा है।
डिफेंडिंग चैंपियन है टीम इंडिया
गौरतलब है कि भारत मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन है। टीम इंडिया ने 29 जून 2024 को बारबडोस में खेले गए फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में 2026 के टूर्नामेंट में भी भारतीय टीम से खिताब बचाने की उम्मीदें होंगी।
कंगाल Pakistan के इस इलाके में आम नागरिकों को हर रोज़ मिल रहा 7 ग्राम तक सोना, जानिए पूरी कहानी
