IPL विवाद के बाद T20 WC 2026 में Bangladesh की शातिर चाल !
T20 WC 2026 News
ICC Men’s T20 WC 2026 से पहले एक बड़ा विवाद सामने आया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने फैसला लिया है कि उसकी राष्ट्रीय टीम टूर्नामेंट खेलने के लिए भारत नहीं आएगी। ये निर्णय हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से जुड़े विवाद के बाद लिया गया है, जिसने दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में तनाव बढ़ा दिया है।
बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने 4 जनवरी को सोशल मीडिया के माध्यम से इस फैसले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि BCB की बैठक में विचार-विमर्श के बाद ये निर्णय लिया गया है। उनका कहना है कि ये कदम भारतीय क्रिकेट बोर्ड की नीतियों और हालिया घटनाक्रम के विरोध में उठाया गया है।
दरअसल, ये पूरा मामला बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान से जुड़ा है। आईपीएल की मिनी नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन बाद में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश पर KKR ने उन्हें टीम से रिलीज कर दिया। इस फैसले पर बांग्लादेश में कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का दखल
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लिया। सूचना एवं प्रसारण सलाहकार सैयदा रिजवाना हसन ने इसे राजनीति से प्रेरित कदम बताया और कहा कि इससे बांग्लादेशी जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। उनके अनुसार, खेल और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का उद्देश्य देशों के बीच रिश्तों को बेहतर बनाना होता है, लेकिन इस मामले में इसका उलटा प्रभाव पड़ा है।

T20 WC 2026 के तहत बांग्लादेश के सभी ग्रुप मैच भारत में तय किए गए थे। तीन मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स में और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना था। शेड्यूल के अनुसार, बांग्लादेश को 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना था। हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए इन मुकाबलों के आयोजन पर अनिश्चितता बन गई है।
अब BCB ने आईसीसी से अनुरोध किया है कि बांग्लादेश के मैचों को भारत के बजाय श्रीलंका में स्थानांतरित किया जाए। बोर्ड का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। इस पूरे मामले में अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि अंतिम शेड्यूल और वेन्यू तय करने का अधिकार उसी के पास है।
T20 WC 2026 में बांग्लादेश के प्रस्तावित ग्रुप मैच
- 07 फरवरी: बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज, कोलकाता
- 09 फरवरी: बांग्लादेश बनाम इटली, कोलकाता
- 14 फरवरी: बांग्लादेश बनाम इंग्लैंड, कोलकाता
- 17 फरवरी: बांग्लादेश बनाम नेपाल, मुंबई
आने वाले दिनों में ये देखना दिलचस्प होगा कि आईसीसी इस विवाद को कैसे सुलझाती है और क्या वाकई बांग्लादेश के मुकाबलों का स्थान बदला जाता है या नहीं।
