BCCI's post on X
IND Vs SA: तिलक-ऋतुराज को मौका, पंत-जडेजा की वापसी
भारत और साउथ अफ्रीका (IND Vs SA ODI Series) के बीच 30 नवंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। चयनकर्ताओं ने 15 सदस्यीय टीम की कमान केएल राहुल को सौंपी है, क्योंकि शुभमन गिल गले की चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। राहुल के नेतृत्व में टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के बेहतरीन संतुलन के साथ मैदान में उतरने को तैयार है।
तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ को मिला सुनहरा मौका
तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ को वन-डे टीम में मिला मौका। ऋतुराज ने हाल ही में इंडिया ए के लिए शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके चलते उनके चयन की उम्मीद थी। वहीं तिलक वर्मा को एशिया कप फाइनल के बाद लगातार टीम मैनेजमेंट का भरोसा मिलता रहा है। गिल और श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के बाद संभावना थी कि तिलक और गायकवाड़ में से किसी एक को चुना जाएगा, लेकिन दोनों खिलाड़ियों को टीम में शामिल कर सरप्राइज दिया गया है।
IND Vs SA: पंत और जडेजा की दमदार वापसी
लंबे इंतज़ार के बाद ऋषभ पंत नीली जर्सी में लौट आए हैं। इंग्लैंड दौरे पर मिली चोट के बाद वे काफी समय मैदान से दूर रहे, लेकिन साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज में फिटनेस साबित करने के बाद अब वे वनडे टीम का हिस्सा बन गए हैं। रवींद्र जडेजा की वनडे टीम में वापसी भी खास है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जडेजा को बाहर रखा गया था, जिससे लग रहा था कि शायद वे कोच गंभीर की योजनाओं में फिट नहीं बैठ रहे। लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें एक बार फिर मौका देकर स्पष्ट संकेत दिया कि उनका अनुभव टीम के लिए अब भी बेहद मूल्यवान है। इसके साथ ही युवा विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को भी वनडे टीम में शामिल किया गया है।

जसप्रीत बुमराह को दिया गया आराम
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस वनडे सीरीज से आराम दिया गया है ताकि वे आगामी टी20 मुकाबलों के लिए तरोताज़ा रह सकें। पिछले कुछ समय में बुमराह लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं, ऐसे में उनके वर्कलोड को देखते हुए ये फैसला लिया गया।
तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा निभाएंगे। वहीं नीतीश कुमार रेड्डी भी स्क्वॉड में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
IND Vs SA ODI Series: वन-डे सीरीज का पूरा शेड्यूल
- पहला वनडे: 30 नवंबर – रांची
- दूसरा वनडे: 3 दिसंबर – रायपुर
- तीसरा वनडे: 6 दिसंबर – विशाखापत्तनम
इसके बाद 9 दिसंबर से दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी, जिसके लिए भारतीय टीम का ऐलान बाद में किया जाएगा।
अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत की टीम
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल
Rinku Singh का Test Cricket में धमाल, अब India की Test Team में होगी Entry ?
