Ind Vs Nz Odi Series: 2-1 से न्यूज़ीलैंड ने जीती सीरीज
Ind Vs Nz Match Update
इंदौर के ऐतिहासिक होलकर क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच (Ind Vs Nz) खेला गया तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला भारतीय टीम के लिए निराशाजनक साबित हुआ। इस मुकाबले में भारत को 41 रनों से हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ ही न्यूजीलैंड ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। ये न्यूजीलैंड की भारत की धरती पर पहली वनडे सीरीज जीत है, जो उसके लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई भारतीय बल्लेबाजी
338 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। रोहित शर्मा सिर्फ 11 रन बनाकर जकारी फाउलकेस का शिकार बने। कप्तान शुभमन गिल 23 रन बनाकर काइल जेमिसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद श्रेयस अय्यर केवल 3 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पिछले मैच में शतक लगाने वाले केएल राहुल सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 71 के स्कोर पर चार विकेट गिरने से भारत दबाव में आ गया।
विराट कोहली का शानदार शतक, लेकिन जीत नहीं दिला सके
टॉप ऑर्डर के ढहने के बाद विराट कोहली ने नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी हुई। कोहली ने आक्रामक लेकिन संयमित बल्लेबाजी करते हुए 91 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। ये उनके वनडे करियर का 54वां और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का 85वां शतक रहा।

नीतीश कुमार रेड्डी ने भी 53 रनों की अहम पारी खेली, जबकि हर्षित राणा के साथ कोहली ने सातवें विकेट के लिए 99 रन जोड़े। हर्षित ने अर्धशतक जड़ा, लेकिन कोहली के 124 रन बनाकर आउट होते ही भारत की जीत की उम्मीदें खत्म हो गईं। पूरी टीम 46 ओवरों में 296 रनों पर सिमट गई।
न्यूजीलैंड की शानदार बल्लेबाजी
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और 6 रन पर दो विकेट गिर गए। लेकिन इसके बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 219 रनों की विशाल साझेदारी हुई।

डेरिल मिचेल ने 137 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 106 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के शतकों की बदौलत न्यूजीलैंड ने 50 ओवरों में 8 विकेट पर 337 रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने तीन-तीन विकेट झटके।
Ind Vs Nz सीरीज का पूरा हाल
वनडे सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने वडोदरा में जीता था। इसके बाद राजकोट में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज कर सीरीज बराबर की। इंदौर में जीत के साथ ही कीवी टीम ने सीरीज पर कब्जा जमाया और भारत में वनडे सीरीज जीतने का इतिहास रच दिया।
Iran में 5000 से ज्यादा लोगों की मौत के लिए Trump हैं जिम्मेदार ?
