IPL 2026 से पहले विवादों में KKR और Shahrukh Khan, Mustafizur Rahman की एंट्री पर सियासत और धर्म का टकराव
आईपीएल 2026 की तैयारियों के बीच क्रिकेट का मैदान खेल से ज्यादा सियासत और धर्म के आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बनता नजर आ रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) को टीम में शामिल किए जाने के बाद विवाद गहराता चला गया है। इस फैसले ने टीम के को-ओनर और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shahrukh Khan) को भी आलोचनाओं के घेरे में ला दिया है।

Shahrukh Khan, आरोप, विरोध और समर्थन—तीनों मोर्चे खुले
मुस्ताफिजुर रहमान की खरीद के बाद राजनीतिक नेताओं और कुछ धर्मगुरुओं की ओर से तीखे बयान सामने आए हैं। कई लोगों ने शाहरुख खान पर गंभीर आरोप लगाए, वहीं कुछ नेताओं ने इन बयानों को अनुचित बताते हुए उनका विरोध भी किया।

धर्मगुरु देवकीनंदन ठाकुर के बयान के समर्थन में जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बांग्लादेश की मौजूदा परिस्थितियों का हवाला देते हुए सवाल उठाए और इस मुद्दे को संवेदनशील बताया।

दूसरी ओर, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी सहित कई नेताओं ने कहा कि किसी को भी राष्ट्रभक्ति का प्रमाण पत्र बांटने का अधिकार नहीं है और इस तरह के बयान सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाते हैं।
Shahrukh Khan पर संगीत सोम के बयान से बढ़ा विवाद
भाजपा नेता संगीत सोम के बयान के बाद ये मुद्दा और गरमा गया। उन्होंने मेरठ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शाहरुख खान पर तीखा हमला बोला और बांग्लादेशी खिलाड़ी की खरीद को राष्ट्रविरोधी करार दिया। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई और सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।

BCCI की ‘वेट एंड वॉच’ नीति
भारत-बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक तनाव की चर्चाओं के बावजूद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर फिलहाल किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। बोर्ड सरकार के निर्देशों का इंतजार करते हुए ‘वेट एंड वॉच’ नीति पर काम कर रहा है।
मुस्ताफिजुर रहमान आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में बिकने वाले एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी रहे, जिन्हें KKR ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा।
खेल बनाम राजनीति की बहस
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर खेल और राजनीति के रिश्ते पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक पक्ष इसे खेल से जुड़ा व्यावसायिक फैसला बता रहा है, वहीं दूसरा पक्ष इसे राष्ट्र और विचारधारा से जोड़कर देख रहा है। आने वाले दिनों में ये देखना अहम होगा कि सरकार और BCCI इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं और मुस्ताफिजुर रहमान का IPL 2026 में खेलना किस हद तक संभव हो पाता है।
Switzerland Bar Blast News: स्विट्जरलैंड में बार में धमाका, 40 लोगों की मौत !
