Bihar चुनाव में BJP का नया ‘MY फॉर्मूला’ बना NDA की जीत का सबसे मजबूत आधार
बिहार चुनाव 2025 (Bihar Election 2025) में एनडीए की ऐतिहासिक जीत ने राज्य की राजनीति में नया अध्याय लिख दिया है। महागठबंधन को जोरदार झटका देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। यहां उन्होंने बिहार की जनता के फैसले को लोकतंत्र की बड़ी जीत बताते हुए इसे नया सकारात्मक “MY फॉर्मूला – महिला और युवा” करार दिया।
NDA की बंपर जीत पर PM मोदी का संबोधन
बीजेपी मुख्यालय में पीएम मोदी का स्वागत गमछा लहराकर किया गया। मंच पर उनके साथ बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन की शुरुआत पीएम मोदी ने “छठी मईया की जय” के साथ की और कहा कि बिहार की जनता ने इस चुनाव में “गर्दा उड़ा दिया”। उन्होंने कहा कि बिहार ने ये साबित कर दिया है कि जनता जनार्दन सिर्फ विकासवाद को चुनती है।
महिला–युवा: BJP का नया ‘MY फॉर्मूला’
पीएम मोदी ने कहा कि राजनीतिक दलों ने लंबे समय तक तुष्टिकरण वाला MY (मुस्लिम-युवा) फॉर्मूला अपनाया, लेकिन बिहार के जनता ने इस बार महिला और यूथ को सबसे बड़ी ताकत बनाकर एक नया MY फॉर्मूला गढ़ दिया है।
उन्होंने कहा कि बिहार में सबसे अधिक युवाओं की संख्या है, और इन युवाओं ने जंगलराज और सांप्रदायिकता पर विकासवाद को चुना है।
जंगलराज की वापसी कभी नहीं होगी
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जंगलराज और ‘कट्टा संस्कृति’ को राज्य में कभी लौटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार की बहनों और बेटियों ने आरजेडी के दौर की अव्यवस्था को करीब से झेला है और अब वो विकास व सुरक्षा की राजनीति चाहती हैं।

मतदाता सूची शुद्धिकरण का समर्थन
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा वोटरों ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण को बेहद गंभीरता से लिया है। ये चुनाव आयोग की बड़ी उपलब्धि है कि पहले नक्सल प्रभावित इलाकों में भी इस बार भारी उत्साह के साथ मतदान हुआ।
विकास की राजनीति को मिला जनादेश
पीएम मोदी ने कहा कि ये जीत सिर्फ एनडीए की नहीं बल्कि लोकतंत्र की भी जीत है। बिहार की जनता ने वंशवाद, तुष्टिकरण और झूठी राजनीति को नकारकर विकास और सामाजिक न्याय का साथ दिया है।
उन्होंने कहा कि बिहार अब 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की ओर बढ़ रहा है और आने वाले समय में छठ पूजा को यूनेस्को की विरासत सूची में शामिल कराने के लिए काम किया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजनीति पर भी असर
पीएम मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और अब बिहार में लगातार जनता ने एनडीए को प्रचंड बहुमत दिया है। ये शासन-समर्थक और विकास-समर्थक एजेंडे की मजबूती का संकेत है।
उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति अब एक नई नींव पर खड़ी हो रही है—जहां जनता का विश्वास, पारदर्शी शासन और विकास कार्य सबसे ऊपर है।
Delhi Blast में बड़ा Action, पलक झपकते ही ध्वस्त हुआ घर, मची हलचल !
