Bangladesh: ढाका के मोघबाजार इलाके में पेट्रोल बम से हमला !
Bangladesh Violence Update
बांग्लादेश (Bangladesh) की राजधानी ढाका में क्रिसमस से ठीक एक दिन पहले एक गंभीर घटना सामने आई है। बुधवार शाम मोघबाजार इलाके में अराजक तत्वों ने पेट्रोल बम से हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। ये घटना शहर के वायरलेस गेट क्षेत्र के पास, बांग्लादेश फ्रीडम फाइटर्स काउंसिल के सामने हुई।
Bangladesh धमाके की आंखों देखी सच्चाई
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक की पहचान सैफुल सियाम के रूप में हुई है। वो मोघबाजार में ऑटोमोबाइल एक्सेसरी की एक दुकान में काम करता था। बताया गया कि सैफुल पास की दुकान से कुछ खरीदने जा रहा था, तभी अचानक विस्फोट हुआ और वो उसकी चपेट में आ गया। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि पेट्रोल बम फ्लाईओवर से फेंका गया था, जो सीधे नीचे गिरा।
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर मसूद आलम ने बताया कि घटना की जांच जारी है और अभी हमले के पीछे की मंशा स्पष्ट नहीं हो सकी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। सुरक्षा कारणों से इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।

धमाके की आवाज से मची अफरा-तफरी मची
घटनास्थल के पास चाय बेचने वाले एक दुकानदार ने बताया कि विस्फोट से कुछ ही देर पहले सैफुल वहां मौजूद था। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया गया, लेकिन सैफुल को बचाया नहीं जा सका।
पुलिस का कहना है कि सैफुल का किसी भी राजनीतिक गतिविधि से सीधा संबंध सामने नहीं आया है और वो सामान्य रूप से अपने काम से जुड़ा हुआ था। उसके रिश्तेदारों के मुताबिक, वो एक फैक्ट्री में भी काम करता था और उस समय केवल संयोगवश मौके पर मौजूद था।
गौरतलब है कि जिस क्षेत्र में ये घटना हुई, वहां दो बड़े चर्च भी स्थित हैं। ऐसे में क्रिसमस से पहले हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफीकुर रहमान ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व देश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं और ऐसे कृत्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी।
Epstein Files से जुड़े 30,000 नए दस्तावेज जारी, Trump ने 8 बार की एपस्टीन के प्राइवेट जेट की सवारी !
