Hormuz संकट के बीच सरकार का भरोसा: देश में पेट्रोल-डीजल की नहीं है कमी
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज (Hormuz) संकट को लेकर देशभर में चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने साफ संदेश दिया है—भारत में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और घबराकर ईंधन की अनावश्यक खरीद न करें।

रिफाइनरी पूरी क्षमता से कर रहीं काम
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, देश की सभी रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से संचालन कर रही हैं। कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिससे घरेलू मांग को बिना किसी बाधा के पूरा किया जा रहा है। इसके साथ ही एलपीजी उत्पादन भी बढ़ाया गया है ताकि किसी भी तरह की कमी की स्थिति न बने।
अफवाहों से बचने की अपील
सरकार ने माना कि कुछ इलाकों में अफवाहों के कारण पैनिक बायिंग की खबरें सामने आई हैं, लेकिन हकीकत ये है कि देशभर में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है। नागरिकों से कहा गया है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें।
टैक्स और एक्सपोर्ट ड्यूटी में बदलाव
घरेलू उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर ₹10 प्रति लीटर उत्पाद शुल्क घटाया है। वहीं, डीजल पर ₹21.5 प्रति लीटर और एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) पर ₹29.5 प्रति लीटर का निर्यात शुल्क लगाया गया है, ताकि देश के अंदर ईंधन की उपलब्धता बनी रहे।
गैस आपूर्ति को प्राथमिकता
सरकार ने गैस आपूर्ति को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है।
- घरेलू उपयोग के लिए PNG और परिवहन के लिए CNG की सप्लाई 100% जारी है
- उद्योगों और कमर्शियल सेक्टर को औसतन 80% गैस मिल रही है
- यूरिया संयंत्रों को 70–75% गैस आपूर्ति दी जा रही है
आपूर्ति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त LNG और RLNG कार्गो की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों को नए PNG कनेक्शन देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
LPG सप्लाई पर हल्का दबाव, लेकिन वितरण सामान्य
भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण एलपीजी सप्लाई पर कुछ दबाव जरूर है, लेकिन सरकार ने साफ किया है कि कहीं भी वितरण बाधित नहीं हुआ है।
- कमर्शियल एलपीजी सप्लाई को बढ़ाकर 70% तक किया गया
- एक दिन में 55 लाख से अधिक घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी
- वेरिफिकेशन सिस्टम को मजबूत किया गया
Hormuz संकट के बीच जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई
सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
- राज्यों को 48,000 किलोलीटर अतिरिक्त केरोसिन आवंटित
- एक दिन में लगभग 2,900 छापे
- करीब 1,000 एलपीजी सिलेंडर जब्त
पोर्ट और शिपिंग ऑपरेशन सामान्य
देश के सभी बंदरगाह और शिपिंग ऑपरेशन सामान्य रूप से चल रहे हैं।
- 94,000 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर जहाज भारत की ओर
- 942 से अधिक भारतीय नाविक सुरक्षित वापस लाए गए
- 24×7 निगरानी जारी
पश्चिम एशिया पर लगातार नजर
विदेश मंत्रालय ने बताया कि Hormuz संकट और पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। भारतीय दूतावास हेल्पलाइन के जरिए नागरिकों को सहायता प्रदान कर रहे हैं। अब तक लाखों भारतीय सुरक्षित स्वदेश लौट चुके हैं।
Hormuz संकट के कारण वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं, लेकिन भारत ने स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मजबूत तैयारी कर रखी है। सरकार के अनुसार, देश में पेट्रोल-डीजल, गैस और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह स्थिर है। ऐसे में आम लोगों के लिए जरूरी है कि वे अफवाहों से दूर रहें और जिम्मेदारी से व्यवहार करें।
Iran का Middle East के देशों को बड़ा अल्टीमेटम, America की खाड़ी देशों से छुट्टी करने की प्लानिंग !
