Delhi Bulldozer Action: अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी, उपद्रवियों की खैर नहीं !
Delhi Bulldozer Action Update
दिल्ली (Delhi) की ऐतिहासिक धरोहरों और प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में अब निर्णायक कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली हाईकोर्ट ने जामा मस्जिद के आसपास फैले अवैध अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित एजेंसियों को व्यापक सर्वे करने और अवैध दुकानों, पार्किंग को हटाने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने ये भी स्पष्ट किया है कि दो महीने के भीतर सर्वे पूरा करके, कार्रवाई की रिपोर्ट पेश की जाए।
ये आदेश ऐसे समय में आया है जब तुर्कमान गेट क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। जामा मस्जिद क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ कुछ गैर-सरकारी संगठनों द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों, धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक इलाकों में अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
Delhi Government ने फैसले का किया समर्थन
दिल्ली सरकार के गृह मंत्री आशीष सूद ने हाईकोर्ट के आदेश का स्वागत करते हुए इसे व्यवस्था सुधार की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि ये मामला राजनीति से ऊपर उठकर कानून और प्रशासन से जुड़ा है। सूद ने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शाहजहानाबाद और चांदनी चौक के विकास को लेकर किए गए दावे जमीनी स्तर पर सफल नहीं हो पाए। वर्तमान सरकार कोर्ट के निर्देशों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से विरासत में मिली समस्याओं का समाधान करेगी।
तुर्कमान गेट हिंसा की फॉरेंसिक जांच तेज
इधर, तुर्कमान गेट के पास फैज-ए-इलाही मस्जिद के समीप हुई पत्थरबाजी की घटना की जांच भी तेज कर दी गई है। दिल्ली पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर पत्थर, कांच की बोतलें और अन्य सामग्री सबूत के तौर पर जब्त की है। पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हिंसा पूर्व नियोजित थी या अचानक भड़की।

पुलिस के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रशासनिक टीम पर पथराव किया गया था, जिसमें कई कर्मियों को चोटें आई थीं। फॉरेंसिक जांच से पत्थरों के स्रोत और इस्तेमाल के तरीके का विश्लेषण किया जा रहा है।
अब तक 11 गिरफ्तार, जांच का दायरा बढ़ा
इस मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय वीडियो क्लिप्स के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। दिल्ली पुलिस की टीमें राजधानी के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही हैं। साथ ही, जांच का दायरा उन व्हाट्सएप ग्रुप्स तक भी बढ़ा दिया गया है, जिनके माध्यम से कथित तौर पर भीड़ को उकसाने वाले संदेश फैलाए गए थे।
कुल मिलाकर, दिल्ली में अतिक्रमण हटाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन और न्यायपालिका दोनों सख्त नजर आ रहे हैं। आने वाले समय में जामा मस्जिद और तुर्कमान गेट क्षेत्र में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
Katrina Kaif ने बेटे का नाम किया Reveal, Photo Share कर लिखा Special Message
