Bulandshahr News: जनाजे में उमड़ी हजारों की भीड़, शहर में गम और गुस्से का माहौल
Bulandshahr News Update
Bulandshahr News:उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में बाग खरीदने को लेकर चले रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस विवाद में बसपा के पूर्व विधायक मरहूम हाजी अलीम के भतीजे सूफियान (Sufiyan) की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
बाग की खरीद से जुड़ा है पूरा विवाद
ये वारदात 4 जनवरी की रात लगभग 8 बजे कोतवाली देहात क्षेत्र के नीमखेड़ा गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, सूफियान अपने भाई अकरम और वकील कादिर के साथ डॉ. मुमताज का 24 बीघा बाग देखने गए थे। बाग के फ्रंट की नाप-जोख के दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने बाग खरीद को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावर नशे की हालत में थे और देखते ही देखते उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस हमले में अकरम गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सूफियान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमलावरों ने अकरम की पिस्टल छीन ली और कार में तोड़फोड़ भी की। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

पुलिस के अनुसार, इस बाग को लेकर पहले से कई पक्षों में दावेदारी चल रही थी। अकरम की तहरीर पर भाजपा मंडल मंत्री पिंटू चौधरी, उनके दो भाइयों समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने रात में ही दबिश देकर कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
Bulandshahr में सूफियान सुपुर्द-ए-खाक
5 जनवरी को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सूफियान को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जनाजे में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एसपी देहात सहित कई थानों की फोर्स तैनात की गई थी। डीएम कॉलोनी स्थित कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
इस घटना से न सिर्फ सूफियान के परिवार में बल्कि पूरे शहर में शोक और गुस्से का माहौल है। लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द ही कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।
Ramgopal Yadav: एक बार धोखे से विधायक हो गए थे Sangeet Som, हैसियत ग्राम प्रधान बनने की भी नहीं
Vaibhav Sooryavanshi का एक और धमाका, 21 गेंदों पर मारे 10 छक्के और…
