Ajay Chautala के विवादित बयान से सियासी हलचल, अनिल विज का तीखा पलटवार
जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला (Ajay Chautala) का एक बयान इन दिनों राजनीतिक गलियारों में तीखी बहस का विषय बना हुआ है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मंच से जनता को संबोधित करते हुए शासकों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में अजय सिंह चौटाला ये कहते हुए सुने जा सकते हैं कि- “वक्त आ गया है, मौका पड़ने पर भी इन शासकों को गद्दी से खींच करके, उतार करके, सड़कों पर दौड़ा करके पीटने का काम करना पड़ेगा, इन्हें देश छोड़ने पर मजबूर करना पड़ेगा, तभी जाकर हमारा इस कुशासन से पीछा छूटेगा” उन्होंने अपने बयान में बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका का उदाहरण देते हुए ऐसे ही आंदोलन करने का आह्वान युवाओं से किया है। ये बयान हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में आयोजित “युवा योद्धा सम्मेलन” के दौरान दिया गया बताया जा रहा है।

अजय सिंह चौटाला, हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के पुत्र हैं। उनके इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और विपक्षी दलों के साथ-साथ सत्तापक्ष के नेताओं ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
Ajay Chautala पर अनिल विज का पलटवार
हरियाणा के ऊर्जा, परिवोन और श्रम मंत्री अनिल विज ने अजय सिंह चौटाला के बयान को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान ये दर्शाते हैं कि जेजेपी प्रमुख का भारत के लोकतांत्रिक सिस्टम पर भरोसा नहीं रह गया है।
अनिल विज ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अजय चौटाला अपनी ही राजनीतिक पार्टी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से निराश हो चुके हैं, इसलिए युवाओं को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि ऐसे बयान समाज में अस्थिरता पैदा कर सकते हैं और लोकतंत्र के मूल्यों के खिलाफ हैं।
Ajay Chautala और राजनीतिक विवाद
अजय सिंह चौटाला के बयान के बाद हरियाणा की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। जहां एक ओर जेजेपी समर्थक इसे सरकार के खिलाफ आक्रोश की अभिव्यक्ति बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विरोधी दल इसे गैर-जिम्मेदाराना और भड़काऊ करार दे रहे हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
न गर्मी, न ठंड, न रेडिएशन का होगा असर ! कुछ ऐसे होंगे China के Super Soldier ?
