Switzerland Blast News: क्रान्स-मोंटाना धमाके से दहला स्विट्जरलैंड
Switzerland Blast Update
नए साल की शुरुआत के साथ ही स्विट्जरलैंड (Switzerland) से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जश्न के माहौल के बीच स्विट्जरलैंड के एक आलीशान बार में हुए जोरदार धमाके ने खुशियों को मातम में बदल दिया। इस भयावो हादसे में अब तक 40 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
ये घटना स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल क्रान्स-मोंटाना में स्थित ले कॉन्स्टेलेशन बार एंड लाउंज में हुई। बताया जा रहा है कि नए साल के जश्न के दौरान बार में करीब 150 से अधिक लोग मौजूद थे। धमाका बार के बेसमेंट हिस्से में हुआ, जिससे आग तेजी से फैल गई और अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने आतंकी एंगल से किया इनकार
स्विस पुलिस ने इस घटना को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस धमाके को किसी भी तरह का आतंकी हमला नहीं माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में किसी साजिश या हमले के संकेत नहीं मिले हैं।

पुलिस ने ये भी स्पष्ट किया कि घटना की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर इसे आगजनी से जुड़ा हादसा माना जा रहा है।
जांच जारी, फोरेंसिक टीम मौके पर
हादसे के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और फोरेंसिक टीम सबूत जुटाने में लगी हुई है। प्रशासन पीड़ितों की पहचान करने और मृतकों के शव जल्द से जल्द उनके परिवारों को सौंपने की प्रक्रिया में जुटा है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मशहूर पर्यटन स्थल है क्रान्स-मोंटाना
जिस स्थान पर ये दर्दनाक हादसा हुआ, वो स्विस आल्प्स की खूबसूरत पर्वतमाला में बसा क्रान्स-मोंटाना है। ये जगह स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग और गोल्फ जैसी गतिविधियों के लिए दुनियाभर में मशहूर है। स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न से ये पर्यटन स्थल लगभग दो घंटे की दूरी पर स्थित है।
आग की घटनाओं से जूझता स्विट्जरलैंड
गौरतलब है कि स्विट्जरलैंड बीते कुछ वर्षों से असामान्य सूखे और जंगल की आग की समस्या से जूझ रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, 2001 से 2024 के बीच देश ने आग के कारण अपने वन क्षेत्र का 3 प्रतिशत से अधिक हिस्सा खो दिया है। ऐसे में अधिकारी इस हादसे को भी आग से जुड़ी संभावनाओं के नजरिए से गंभीरता से जांच रहे हैं।
फिलहाल पूरे देश में इस घटना को लेकर शोक की लहर है और लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जता रहे हैं।
