Unnao Rape के दोषी कुलदीप सेंगर को सशर्त जमानत दिए जाने के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन… मुमताज पटेल बोलीं इससे समाज को गलत संदेश जाएगा. मां बोली फांसी दो.
New Delhi : Unnao Rape Case में दोषी ठहराए गए पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को Delhi High Court से जमानत दिए जाने के फैसले के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहा है. गुरुवार को दिल्ली के मंडी हाउस पर हुए हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद शुक्रवार को दिल्ली उच्च न्यायालय परिसर के बाहर भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. Kuldeep Singh Sengar के खिलाफ हो रहे इस प्रदर्शन में महिला अधिकार कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं और अलग-अलग समूहों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. इस प्रदर्शन के चलते Delhi High Court के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले. बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस और सुरक्षा कर्मी वाहन मौके पर तैनात रहे.
हाथ में पोस्टर लिए धरने पर बैठीं मुमताज़ पटेल

उन्नाव दुष्कर्म मामले को लेकर हो रहे इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता Mumtaz Patel भी शामिल रहीं. उन्होंने कहा कि वो यहां किसी राजनीतिक प्रतिनिधि के तौर पर नहीं बल्कि एक महिला के रूप में आई हैं. मुमताज पटेल भी दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर हाथ में पोस्टर लेकर खड़ी रहीं जिसपर लिखा था – Justice For Unnao Victim.
ये लड़ाई जारी रहेगी- योगिता भयाना

वहीं सामाजिक कार्यकर्ता Yogita Bhayana भी इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी नज़र आईं… उन्होने कहा ‘यह मामला सिर्फ एक पीड़िता तक सीमित नहीं है, बल्कि न्यायिक व्यवस्था में आम लोगों के भरोसे से जुड़ा हुआ है. HC के आदेश को देश की Supreme Court में चुनौती दी जाएगी. जब तक पीड़िता को पूरा न्याय नहीं मिलता, ये लड़ाई जारी रहेगी’.
दिल्ली मेट्रो में भी उठी इंसाफ दिलाने की मांग
इस बीच दिल्ली मेट्रो का एक Video Social Media पर वायरल हो रहा है जिसमे Unnao Gangrape Victim को इंसाफ दिलाने की मांग के साथ हाथों में Poster लेकर कुछ लोग इंसाफ की मांग करते हुए दिखाई दिए…
कोर्ट के फैसले से समाज में गलत संदेश जाएगा- मुमताज़

इसके अलावा मीडिया से बातचीत में मुमताज़ ने कहा, ‘कोर्ट के इस फैसले और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में दोषी ठहराए गए लोगों को जमानत दिए जाने से, समाज में गलत मैसेज जाता है और ये महिलाओं के हक़ की लड़ाई को कमजोर करता है.’
परिवार को अब सुप्रीम कोर्ट से उम्मीद

पीड़िता की मां ने भी Delhi High Court के जमानत आदेश पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि वह पूरे न्यायालय पर सवाल नहीं उठा रहीं, लेकिन इस फैसले से उनके परिवार को गहरा सदमा लगा है. उनका कहना है कि जिस आरोपी कुलदीप सेंगर को पहले कोर्ट ने दोषी ठहराकर उम्रकैद की सजा सुनाई थी, उसे जमानत अनुचित है… ये फैसला स्वीकार करना मुश्किल है. पीड़िता की मां ने ये भी कहा कि वह इस आदेश को Supreme Court में चुनौती देंगी क्योंकि अब उन्हें वहीं से न्याय मिलने की उम्मीद है.
ज़मानत मिली पर जेल में ही रहेंगे सेंगर

आपको बता दें हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट ने 2019 में दोषी ठहराए गए Kuldeep Singh Sengar की सजा को अपील के निपटारे तक निलंबित करते हुए सशर्त जमानत दी है. लेकिन इसी के साथ HC ने सेंगर पर कई कड़े प्रतिबंध लगाए हैं. कोर्ट के आदेश के मुताबिक, सेंगर पीड़िता के घर के 5 KM के दायरे में नहीं जा सकते और न ही पीड़िता या उसके परिवार से किसी तरह से संपर्क कर सकते हैं. Delhi HC ने ये भी साफ किया है कि शर्तों का उल्लंघन करने पर तुरंत सेंगर की समानत रद्द मानी जाएगी. हालांकि एक सच ये भी है कि कोर्ट के इस फैसले के बावजूद Kuldeep Sengar जेल से बाहर नहीं आ सकते. वह पीड़िता के पिता की हिरासत में मौत के मामले में सुनाई गई 10 साल की सजा भी काट रहे हैं और फिलहाल सेंगर को उस मामले में कोई राहत नहीं मिली है.
