वैभव सूर्यवंशी और सकीबुल गनी
VHT 2025-26: शतकों की बरसात में भी चमके युवा खिलाड़ी
VHT 2025-26 NEWS: भारतीय घरेलू क्रिकेट के प्रतिष्ठित लिस्ट-ए टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 की शुरुआत 24 दिसंबर को ऐतिहासिक अंदाज़ में हुई। टूर्नामेंट के पहले ही दिन बल्लेबाजों ने ऐसा तूफान मचाया कि कुल 22 शतक देखने को मिले। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की वापसी ने सुर्खियां बटोरीं, लेकिन दिन का सबसे बड़ा नाम बना एक अपेक्षाकृत अनजान खिलाड़ी—ओडिशा के स्वास्तिक सामल।
VHT 2025-26 में रोहित-विराट की शतकीय पारी
काफी समय बाद घरेलू वनडे क्रिकेट में उतरे रोहित शर्मा और विराट कोहली ने साबित कर दिया कि क्लास स्थायी होती है।
- रोहित शर्मा ने मुंबई की ओर से खेलते हुए सिक्किम के खिलाफ 155 रन की विस्फोटक पारी खेली।
- विराट कोहली ने दिल्ली के लिए आंध्र प्रदेश के खिलाफ 131 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
इन दोनों पारियों ने टूर्नामेंट को शानदार आगाज़ दिया, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई।
VHT में सकीबुल गनी ठोका लिस्ट-A का सबसे तेज शतक
बिहार ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 574 रन बनाकर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया। इस मैच में कई ऐतिहासिक पारियां देखने को मिलीं।

- 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 36 गेंदों में शतक जड़कर सबसे कम उम्र के लिस्ट-ए शतकवीर बनने का रिकॉर्ड बनाया।
- बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने सिर्फ 32 गेंदों में शतक ठोककर भारतीय लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक लगाया।
- आयुष लोहारुका ने 116 रनों की सधी हुई लेकिन प्रभावशाली पारी खेली।
ईशान किशन का तूफान और पडिक्कल का जवाब
झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने कर्नाटक के खिलाफ 33 गेंदों में शतक लगाकर दूसरा सबसे तेज भारतीय लिस्ट-ए शतक जड़ा। जवाब में कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल ने 147 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
स्वास्तिक सामल: शतकों के दिन का सबसे बड़ा नाम
इतने सारे शतकों के बीच ओडिशा के स्वास्तिक सामल ने सबसे अलग कारनामा किया।
सौराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने 169 गेंदों पर 212 रन की ऐतिहासिक दोहरी शतकीय पारी खेली। इस इनिंग में उनके बल्ले से 21 चौके और 8 छक्के निकले। खास बात ये रही कि उन्होंने 66 डॉट गेंद खेलने के बावजूद 125 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

हालांकि ओडिशा ये मैच हार गई, लेकिन स्वास्तिक सामल की ये पारी उन्हें पहले दिन का सबसे सफल बल्लेबाज बना गई।
पहले दिन शतक जड़ने वाले अन्य बल्लेबाज
इसके अलावा अर्पित भटेवरा, रिकी भुई, यश दुबे, सम्मर गज्जर, स्नेहल कौथंकर, शुभम खजुरिया, किशन लिंगदोह, अमन मोखड़े, हिमांशु राणा, रवि सिंह, बिप्लब सामंत्रे, ध्रुव शौरी, फ़िरोज़म जोतिन और विष्णु विनोद ने भी शतकीय पारियां खेलीं।
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का पहला दिन भारतीय घरेलू क्रिकेट के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। दिग्गजों की वापसी, युवाओं की बेखौफ बल्लेबाजी और सकीबुल गनी ,स्वास्तिक सामल जैसे नए सितारे का उदय—इस सबने साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट की प्रतिभा कितनी गहरी और मजबूत है।
Surya Kumar Yadav क्यों बोले जिस दिन मैं फटूंगा…? जानिए अंदर की बात
